Top News

हंगामे के वायरल वीडियो: मातम का पर्व या कानून-व्यवस्था पर सवाल?Viral videos of the ruckus: A festival of mourning or a question on law and order?

 

शैलेंद्र कुशवाहा उज्जैन


प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से हाल के दिनों में जुलूसों और धार्मिक आयोजनों के दौरान हंगामे, मारपीट और हथियारों के प्रदर्शन के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। इनमें उज्जैन जिले के बड़नगर का एक वीडियो सबसे अधिक चर्चा में है, जिसमें कथित तौर पर "हम फिर आ गए हैं" जैसे नारे सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। इन घटनाओं ने कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द को लेकर नई बहस छेड़ दी है।


सवाल यह उठ रहा है कि यदि कोई धार्मिक आयोजन शोक और आत्मचिंतन का प्रतीक माना जाता है, तो उसके दौरान हथियारों का प्रदर्शन, आक्रामक नारेबाजी और हिंसक घटनाएं क्यों देखने को मिल रही हैं? धार्मिक ग्रंथ जहां संयम, इंसानियत और सद्भाव का संदेश देते हैं, वहीं कुछ वायरल वीडियो इन मूल्यों के विपरीत तस्वीर पेश करते दिखाई देते हैं। हालांकि इन घटनाओं को लेकर संबंधित पक्षों की ओर से अलग-अलग तर्क दिए जा रहे हैं। कुछ लोग इसे पारंपरिक अखाड़ों का प्रदर्शन बता रहे हैं, जबकि आलोचकों का कहना है कि परंपरा की आड़ में कानून का उल्लंघन स्वीकार्य नहीं हो सकता।

इसी संदर्भ में कई लोग उन संगठनों का उदाहरण भी देते हैं, जो शस्त्र पूजन या शस्त्र प्रदर्शन करते हैं, लेकिन उनके कार्यक्रमों में हिंसा, तोड़फोड़ या आमजन में भय का वातावरण नहीं बनता। उनका तर्क है कि शस्त्र के साथ अनुशासन और कानून का पालन भी उतना ही आवश्यक है।

सामाजिक और धार्मिक नेतृत्व से भी अपेक्षा की जा रही है कि वे अपने अनुयायियों को कानून, संयम और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दें, ताकि धार्मिक आस्था के नाम पर किसी भी प्रकार की अराजकता को बढ़ावा न मिले।

वहीं प्रशासन से भी मांग उठ रही है कि भविष्य में ऐसे आयोजनों के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था, कड़ी निगरानी और कानून का समान रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए। विशेषज्ञों का भी मानना है कि किसी भी संभावित तनाव को शुरुआती स्तर पर ही नियंत्रित कर लिया जाए तो वह गंभीर कानून-व्यवस्था की समस्या बनने से रोका जा सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post