कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जो नेता कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए, उनमें से कई आज वहां हाशिए पर हैं। पटवारी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे ऐसे उदाहरणों से सबक लें और संगठन को मजबूत करने पर ध्यान दें।
अंतिम सत्र में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रदेश संगठन प्रभारी हरीश चौधरी ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठन की दिशा और आगामी रणनीति पर चर्चा की। इस दौरान कार्यकर्ताओं को पांच सूत्र दिए गए—संपर्क, संवाद, समन्वय, सामंजस्य और सकारात्मक सोच।
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच लगातार संपर्क जरूरी है। जनता के मुद्दों को लेकर संवाद बढ़ाने तथा संगठन के विभिन्न स्तरों के बीच बेहतर समन्वय बनाने की बात भी कही गई।
पटवारी का संदेश साफ था कि राजनीतिक परिस्थितियां बदलती रहती हैं, लेकिन संगठन के प्रति निष्ठा और कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही पार्टी की वास्तविक ताकत है। भाजपा में गए नेताओं पर टिप्पणी के जरिए उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने और उन्हें पार्टी के साथ मजबूती से जुड़े रहने का संदेश दिया।
अब देखना होगा कि बैठक में तय किए गए पांच सूत्र कांग्रेस को संगठनात्मक स्तर पर कितना सक्रिय और प्रभावी बना पाते हैं।

Post a Comment