मध्य प्रदेश में बदलते मौसम के बीच स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। इंदौर और उज्जैन में कई मरीजों में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। अस्पतालों को संदिग्ध मरीजों की पहचान और आवश्यक जांच के निर्देश दिए गए हैं।
इंदौर में एक निजी अस्पताल में भर्ती 62 वर्षीय महिला की जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। बताया जा रहा है कि महिला की हालत फिलहाल स्थिर है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
उज्जैन में भी स्वाइन फ्लू के मरीज सामने आने के बाद स्वास्थ्य अमला सक्रिय हुआ है। विशेषज्ञों के अनुसार मौसम में बदलाव के दौरान सर्दी, खांसी और बुखार जैसे लक्षणों को सामान्य वायरल संक्रमण मानकर नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों में संक्रमण गंभीर रूप ले सकता है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतने, खांसते या छींकते समय मुंह ढकने और लगातार बुखार, खांसी या सांस लेने में परेशानी होने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।
अब बड़ा सवाल यह है कि शुरुआती मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग निगरानी और जांच का दायरा कितना बढ़ाता है। समय रहते जांच और उपचार ही संक्रमण को फैलने से रोकने में अहम भूमिका निभा सकता है।

Post a Comment