मुरैना। जिले में ग्रीन फील्ड हाईवे के निर्माण के दौरान जमीन की खुदाई से ब्रिटिश शासनकाल के चांदी के सिक्के मिलने से इलाके में कौतूहल फैल गया। डोंगरपुर लोधा गांव के पास निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय ग्रामीणों और जेसीबी चालक को ये पुराने सिक्के मिले। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
बरामद सिक्कों पर ‘GEORGE V KING EMPEROR’ और ‘ONE RUPEE INDIA’ अंकित है। सिक्के पर वर्ष 1913 दर्ज है। पुरातत्व विभाग के जिला अधिकारी अशोक शर्मा के अनुसार एक सिक्के का वजन करीब 11.6 ग्राम है और उसमें लगभग 91 प्रतिशत चांदी होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे सिक्के जॉर्ज पंचम के शासनकाल में जारी किए गए थे।
प्रशासन ने पुलिस को खुदाई वाले क्षेत्र से मिले सिक्कों को एकत्र कर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि कुल कितने सिक्के मिले हैं। जांच पूरी होने के बाद इन्हें पुरातत्व विभाग को सौंपा जाएगा।
इन सिक्कों का महत्व सिर्फ चांदी की कीमत तक सीमित नहीं है। वर्ष 1913 का सिक्का ब्रिटिश भारत के मुद्रा इतिहास की महत्वपूर्ण कड़ी है। हालांकि इसकी बाजार कीमत केवल वर्ष देखकर तय नहीं होती। सिक्के की स्थिति, टकसाल का निशान, दुर्लभता और प्रामाणिकता की जांच के बाद ही वास्तविक मूल्य निर्धारित किया जा सकता है।
अब बड़ा सवाल यह है कि हाईवे की खुदाई में आखिर कितने सिक्के दबे थे और वे यहां किसने तथा क्यों छिपाए थे? प्रशासन की जांच इन सवालों का जवाब तलाश रही है।

Post a Comment