Top News

मुनि पुंगव श्री 108 सुधासागर जी महाराज ने गो सम्मान आव्हान अभियान को दिया समर्थन

 

इंदौर।

गौमाता के संरक्षण, गौहत्या की समाप्ति, गौवंश के संवर्धन तथा गौमाता को राष्ट्रीय सम्मान दिलाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “गो सम्मान आव्हान अभियान” को निर्यापक श्रमण मुनि पुंगव श्री 108 सुधासागर जी महाराज ने अपना समर्थन प्रदान किया है। अभियान के संबंध में पूज्य अच्युतानंद जी महाराज ने मुनिश्री से विस्तृत चर्चा कर अब तक की गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।



चर्चा के दौरान बताया गया कि 27 अप्रैल 2026 को देशभर की लगभग 5,000 तहसीलों में तहसीलदार/एसडीएम के माध्यम से 5 करोड़ 25 लाख हस्ताक्षरों से युक्त ज्ञापन राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपालों एवं मुख्यमंत्रियों के नाम सौंपे गए। इन ज्ञापनों के माध्यम से गौहत्या की समाप्ति, गौमाता को राष्ट्रीय सम्मान प्रदान करने तथा देश में प्रभावी एवं व्यापक गौ-सेवा नीति निर्धारित करने की मांग को जनभावना के रूप में प्रस्तुत किया गया।


इसके पश्चात अभियान को और व्यापक रूप देते हुए 27 जुलाई 2026 को देश के 802 जिलों में जिला कलेक्टरों के माध्यम से 15 करोड़ संतों, गौसेवकों एवं नागरिकों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन प्रधानमंत्री के नाम भेजे गए। इस अवसर पर देश-विदेश में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में Twitter) के माध्यम से भी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नाम “गो सम्मान आव्हान” अभियान चलाया गया, जिसके संबंध में अभियान के आयोजकों के अनुसार यह संदेश लगभग 15 मिनट में ट्रेंड करने लगा।


अभियान की इन गतिविधियों एवं जनसहभागिता की जानकारी प्राप्त करने के बाद पूज्य मुनि पुंगव श्री 108 सुधासागर जी महाराज ने अभियान के उद्देश्य के प्रति अपनी सहमति व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहित देश का पूरा जैन समाज गौसेवा और गौसंरक्षण के इस कार्य में सहभागी रहेगा तथा इस दिशा में आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।


मुनिश्री ने गौसेवा के अपने लंबे अनुभव और प्रयासों का उल्लेख करते हुए बताया कि नारेली तीर्थ क्षेत्र की गौशाला सहित अनेक गौशालाओं में बेसहारा एवं असहाय गोवंश को बूचड़खानों से बचाकर संरक्षण प्रदान करने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि गौसंरक्षण के लिए वे स्वयं विभिन्न क्षेत्रों और गांवों में जाकर लोगों को प्रेरित करते रहे हैं और आज भी निरंतर इस दिशा में जनजागरण का कार्य कर रहे हैं।


चर्चा के दौरान गो सम्मान आव्हान अभियान के आगामी चरण की भी जानकारी दी गई। अभियान के अंतर्गत 17 दिसंबर 2027 को देशभर में व्यापक जनजागरण कर प्रत्येक राज्य के मुख्यमंत्री तथा भारत के प्रधानमंत्री के नाम 31 करोड़ हस्ताक्षरों की ओर से ज्ञापन प्रस्तुत करने का लक्ष्य रखा गया है। इसका उद्देश्य देश के करोड़ों नागरिकों की भावना को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से शासन तक पहुंचाना तथा गौमाता के संरक्षण एवं सम्मान के लिए प्रभावी नीति निर्माण की मांग को और मजबूत करना है।


इस अवसर पर श्री नवीन गोघा,अशोक डोसी, वीरेन्द्र कुमार जैन, सहित अनेक समाजजन एवं गौसेवा से जुड़े कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post