ऋषभ शेट्टी की फिल्म ‘कांतारा: चैप्टर 1’ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करने की दिशा में एक और अहम उपलब्धि हासिल कर ली है. फिल्म को 98वें एकेडमी अवॉर्ड्स के लिए बेस्ट पिक्चर कैटेगरी के लिए पात्र फिल्मों की सूची में शामिल किया गया है. 317 फिल्मों की लिस्ट जारी की गई है जो बेस्ट पिक्चर कैटेगरी के पात्र हैं. इस ऐतिहासिक मौके पर अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए ऋषभ शेट्टी और पूरी टीम को बधाई दी है.
एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज ने हाल ही में 98वें अकादमी अवॉर्ड्स के लिए योग्य फीचर फिल्मों की आधिकारिक सूची जारी की है. इस लिस्ट में कुल 317 फिल्में शामिल हैं, जिनमें से 201 फिल्में प्रतिष्ठित बेस्ट पिक्चर कैटेगरी के लिए क्वालिफाई करती हैं. खास बात यह है कि इस सूची में चार भारतीय फिल्मों ने जगह बनाई है. ‘कांतारा: चैप्टर 1’, ‘अनुपम खेर की तन्वी द ग्रेट’, एम. ससीकुमार की ‘टूरिस्ट फैमिली’ और एनिमेटेड फिल्म ‘महावतार नरसिंह’ इस लिस्ट में शामिल हैं.
विवेक ओबेरॉय ने इस उपलब्धि पर ऋषभ शेट्टी और कांतारा चैप्टर 1 की टीम को बधाई दी. एक्टर ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर एक्टर और डायरेक्टर ऋषभ शेट्टी की तारीफों के पुल बांधे. उन्होंने इसे सिर्फ एक फिल्म की सफलता नहीं, बल्कि भारत की प्राचीन संस्कृति की जीत बताया. विवेक ओबेरॉय ने अपने पोस्ट में लिखा कि जो परंपरा कभी तुलुनाड की मिट्टी तक सीमित थी, वह अब दुनिया के सबसे बड़े सिनेमा मंच तक पहुंच गई है. उन्होंने कहा कि भूत कोला जैसे पवित्र अनुष्ठान को वैश्विक पहचान दिलाना अपने आप में ऐतिहासिक क्षण है.
कांतारा चैप्टर 1’ को बताया पूर्वजों की दहाड़
एक्टर आगे लिखते हैं, ‘ये महज एक नॉमिनेशन नहीं है, बल्कि हमारे पूर्वजों की आवाज है, जो आज दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित मंच पर गूंज रही है. ऋषभ शेट्टी ने भारत के असली और जीवंत सांस्कृतिक स्वरूप को वैश्विक स्पॉटलाइट में लाकर खड़ा कर दिया है.’
कांतारा: चैप्टर 1 ने बॉक्स-ऑफिस पर बनाया कमाई का रिकॉर्ड
कांतारा: चैप्टर 1 साल 2025 की सबसे बड़ी भारतीय फिल्मों में से एक बनकर उभरी. यह फिल्म पिछले साल की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म है, जिसने छावा के ₹807 करोड़ को पार करते हुए रिलीज के सिर्फ 25 दिनों में ₹813 करोड़ की कमाई कर ली.

Post a Comment