हांगकांग के ली च्युक यियू ने सीधे गेम में हराया, भारतीय दिग्गज को लगातार चौथी बार मिली शिकस्त
शेनझेन। भारत के अनुभवी बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत का चाइना मास्टर्स सुपर-750 टूर्नामेंट में शानदार अभियान क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया। हांगकांग के ली च्युक यियू ने उन्हें सीधे गेमों में 21-16, 21-16 से शिकस्त दी।
श्रीकांत ने इससे पहले दूसरे दौर में विश्व नंबर-9 कनाडाई खिलाड़ी विक्टर लाई को 21-18, 21-19 से हराकर बड़ा उलटफेर किया था। इस जीत के साथ वह तीन साल बाद पहली बार किसी सुपर-750 या उससे बड़े विश्व टूर टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे थे।
लेकिन अंतिम आठ के मुकाबले में ली च्युक यियू के खिलाफ श्रीकांत अपनी लय बरकरार नहीं रख सके। दोनों गेमों में हांगकांग के खिलाड़ी ने शुरुआत से बढ़त बनाए रखी और श्रीकांत को वापसी का मौका नहीं दिया।
इस हार के साथ ली के खिलाफ श्रीकांत का रिकॉर्ड और खराब हो गया है। वह अब इस खिलाड़ी के खिलाफ लगातार चार मुकाबले हार चुके हैं। श्रीकांत ने ली को आखिरी बार 2018 इंडिया ओपन के पहले दौर में हराया था। उसके बाद हांगकांग के खिलाड़ी ने लगातार चार मुकाबलों में बाजी मारी है।
हालांकि क्वार्टर फाइनल तक पहुंचना श्रीकांत के लिए लंबे समय बाद सकारात्मक संकेत रहा। 33 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी ने दिखाया कि बड़े मंच पर अब भी वह शीर्ष खिलाड़ियों को चुनौती देने की क्षमता रखते हैं।

Post a Comment