इंदौर। शक्ति ग्रुप के नए सत्र का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत संस्था की वरिष्ठ सदस्यों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं श्रीकृष्ण वंदना के साथ की गई।
संस्था की अध्यक्ष श्रीमती श्रुति बजाज ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि शक्ति ग्रुप केवल मनोरंजन और आपसी मेलजोल का मंच नहीं, बल्कि महिलाओं के बीच आत्मीयता, सकारात्मक सोच, सेवा भावना और एक-दूसरे को सशक्त बनाने वाला परिवार है। उन्होंने नए सत्र में भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में मनीषा सोनी एवं सोना जाधवानी की राधा-कृष्ण पर आधारित भावपूर्ण भक्तिमय प्रस्तुति ने उपस्थित सदस्यों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मीना राठी द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न नामों पर आधारित विशेष तंबोला ‘कान्हा के नाम, तंबोला के इनाम’ आयोजित किया गया, जिसमें सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कविता बाहेती की मटकी फोड़ गतिविधि, पूजा शर्मा की कृष्ण लीला तथा विभिन्न मनोरंजक खेलों ने कार्यक्रम में उमंग और उल्लास भर दिया।
शक्ति ग्रुप मनोरंजन एवं सामाजिक मेलजोल के साथ समाजसेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय है। सदस्य समय-समय पर जरूरतमंदों की सहायता, महिला एवं बाल कल्याण, स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न सेवा कार्यों में सहभागिता करती हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संजयरानी जालौरी, संगीता जाधवानी, अनिता व्यास एवं प्रमिला जाधवानी का विशेष सहयोग रहा।

Post a Comment