नई दिल्ली। अब व्हाट्सएप सिर्फ चैट और कॉल का माध्यम नहीं रहेगा। भारत में व्हाट्सएप ने बिल भुगतान की नई सुविधा शुरू कर दी है, जिसके जरिए उपयोगकर्ता ऐप के भीतर ही बिजली, पानी, गैस, फास्टैग, बीमा, क्रेडिट कार्ड और कर्ज की किस्त समेत कई तरह के बिल भर सकेंगे। यह सुविधा भारत कनेक्ट नेटवर्क के जरिए उपलब्ध कराई जा रही है।
व्हाट्सएप के अनुसार इस सेवा के माध्यम से देशभर के 22,722 बिल प्रदाताओं और 30 श्रेणियों तक पहुंच मिलेगी। उपयोगकर्ता व्हाट्सएप की मुख्य स्क्रीन पर बने ₹ के निशान पर क्लिक कर बिल भुगतान सुविधा खोल सकेंगे। इसके बाद बिल की श्रेणी और संबंधित सेवा प्रदाता चुनकर अपना खाता या उपभोक्ता नंबर दर्ज करना होगा। बिल की राशि सामने आने के बाद यूपीआई, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड से भुगतान किया जा सकेगा।
इस सुविधा की खास बात यह है कि लोग अपने पुराने भुगतान देख सकेंगे, आने वाले बिलों की जानकारी रख सकेंगे और एक ही सेवा प्रदाता के तहत घर, कार्यालय या परिवार के अलग-अलग खातों को भी संभाल सकेंगे।
हालांकि यह सुविधा फिलहाल चरणबद्ध तरीके से शुरू की जा रही है और आने वाले हफ्तों में भारत के सभी एंड्रॉयड और आईफोन उपयोगकर्ताओं तक पहुंचने की उम्मीद है।
**डिजिटल भुगतान की दुनिया में यह कदम बेहद अहम माना जा रहा है। अब सवाल यह है कि क्या करोड़ों भारतीयों की रोजमर्रा की बातचीत वाला व्हाट्सएप, बिल भुगतान के मामले में गूगल पे और फोनपे जैसे स्थापित मंचों के लिए बड़ी चुनौती बनेगा?**

Post a Comment