Top News

महंगी चीनी पर सरकार की चोट! जमाखोरी पर नकेल, लखनऊ में 52 रुपये किलो बिक्री



लखनऊ। चीनी की बढ़ती कीमतों के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने आम उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए सरकारी बिक्री केंद्र से कम दर पर चीनी उपलब्ध कराने की व्यवस्था शुरू की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग की ओर से लाल बहादुर शास्त्री गन्ना किसान संस्थान परिसर, लखनऊ में चीनी विक्रय केंद्र शुरू किया गया है। यहां आम नागरिक 52 रुपये प्रति किलो की दर से चीनी खरीद सकते हैं। 



विभाग के अनुसार एक किलो का पैकेट 52 रुपये, दो किलो 102 रुपये, पांच किलो 250 रुपये और 50 किलो का बोरा 2,500 रुपये में उपलब्ध है। बिक्री केंद्र प्रत्येक कार्यदिवस सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगा। उपभोक्ता अपनी आवश्यकता के अनुसार चीनी खरीद सकेंगे। 


चीनी की कीमतों में तेजी के बीच केंद्र और राज्य स्तर पर बाजार में उपलब्धता बनाए रखने तथा जमाखोरी पर नियंत्रण के लिए भी कदम उठाए गए हैं। केंद्र ने चीनी के आयात की अनुमति देने के साथ थोक खरीदारों और डीलरों के लिए भंडारण सीमा को सख्त किया है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक हालिया उपायों के बाद देश में औसत खुदरा कीमत में एक सप्ताह में गिरावट भी दर्ज की गई है, हालांकि कीमतें अभी भी पिछले महीने की तुलना में काफी ऊंची हैं। 


फिलहाल यह सस्ती बिक्री व्यवस्था लखनऊ में शुरू की गई है। सरकार का दावा है कि इससे आम उपभोक्ताओं को बाजार की ऊंची कीमतों के बीच सीधी राहत मिलेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post