Top News

ट्रंप के टैरिफ का कनाडा ने दिया जवाब, अमेरिकी सामान पर 50% तक शुल्क

 


नई दिल्ली। अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापारिक टकराव अब खुलकर टैरिफ युद्ध में बदलता दिखाई दे रहा है। कनाडा ने अमेरिका से आने वाले चुनिंदा सामान पर 15%, 25% और 50% तक जवाबी शुल्क लागू कर दिया है। यह कार्रवाई 8 सितंबर से प्रभावी हुई है और करीब 27.6 अरब कनाडाई डॉलर के अमेरिकी आयात को इसके दायरे में रखा गया है। 



कनाडा का यह कदम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस फैसले के जवाब में है, जिसके तहत अमेरिका ने करीब 27.6 अरब डॉलर के कनाडाई सामान पर 50% शुल्क लगाया था। कनाडा ने साफ संकेत दिया है कि वह अमेरिकी शुल्क का जवाब समान दर से देने की नीति पर आगे बढ़ेगा।


जवाबी शुल्क के निशाने पर इस्पात, दुग्ध उत्पाद, घरेलू उपकरण, कृषि उपकरण, कागज, प्लास्टिक और इलेक्ट्रॉनिक सामान जैसे क्षेत्र हैं। यानी असर केवल बड़ी कंपनियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि दोनों देशों के उद्योग और उपभोक्ता भी इसकी कीमत चुका सकते हैं। 


उधर ट्रंप प्रशासन ने भी दबाव बढ़ाते हुए कुछ कनाडाई दुग्ध उत्पादों, शराब और मोटरसाइकिलों के आयात पर रोक लगाने की घोषणा की है, जो 29 सितंबर से लागू होगी। 


सबसे बड़ा सवाल अब यह है कि क्या टैरिफ की यह लड़ाई बातचीत की मेज तक पहुंचेगी या अमेरिका-कनाडा के दशकों पुराने कारोबारी रिश्ते और ज्यादा बिगड़ेंगे? दोनों देशों के बीच व्यापारिक तनाव बढ़ने से उत्तर अमेरिकी आपूर्ति श्रृंखला और उपभोक्ता कीमतों पर भी दबाव बढ़ने की आशंका है।

Post a Comment

Previous Post Next Post