Top News

3 अक्टूबर को भोपाल आ सकते हैं अमित शाह, तैयारियों में जुटा प्रशासन

सहकारिता सम्मेलन से लेकर पुलिस प्रदर्शनी तक कार्यक्रम प्रस्तावित, कानून-व्यवस्था पर भी बैठक की तैयारी



भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का 3 अक्टूबर को मध्यप्रदेश दौरा प्रस्तावित है। संभावित दौरे को लेकर भोपाल में प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। ताजा जानकारी के मुताबिक शाह भोपाल में सहकारिता से जुड़े कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। भेल दशहरा मैदान में पशुपालकों के सम्मेलन और चार राज्यों के सहकारिता मंत्रियों की बैठक भी प्रस्तावित बताई गई है।


दौरे के दौरान नए आपराधिक कानूनों, पुलिस की कार्यप्रणाली और आधुनिक तकनीक पर आधारित पुलिस प्रदर्शनी का कार्यक्रम भी तैयार किया जा रहा है। प्रदर्शनी में अपराध की घटना से लेकर जांच और न्याय की प्रक्रिया तक को तकनीक एवं नवाचार के माध्यम से प्रदर्शित किए जाने की योजना है। पुलिस अधिकारियों ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।


अमित शाह गृह मंत्री के साथ केंद्रीय सहकारिता मंत्री भी हैं। ऐसे में भोपाल के प्रस्तावित कार्यक्रम में सहकारिता क्षेत्र से जुड़े विषयों को विशेष महत्व मिलने की संभावना है। मध्यप्रदेश में इससे पहले भी शाह राज्य स्तरीय सहकारिता सम्मेलन में शामिल हो चुके हैं।


दौरे के दौरान पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक और आंतरिक सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों पर चर्चा की तैयारी की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि अंतिम कार्यक्रम और दौरे का विस्तृत शेड्यूल आधिकारिक रूप से सामने आना बाकी है।


पुलिस मुख्यालय से लेकर स्थानीय प्रशासन तक संभावित दौरे को देखते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि 3 अक्टूबर को शाह के भोपाल प्रवास का अंतिम कार्यक्रम क्या रहता है और किन-किन बैठकों में वे शामिल होते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post