नितिन नबीन जलाएंगे ‘आशीर्वाद का दीया’; 5 लाख दीपों से बनेगी PM मोदी की आकृति
उज्जैन । महाकाल की नगरी उज्जैन आज शाम एक भव्य दीपोत्सव की साक्षी बनेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शिप्रा नदी के घाटों और महाकाल महालोक क्षेत्र में लाखों दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन रामघाट पहुंचकर मां शिप्रा की आरती में शामिल होंगे और ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के भी कार्यक्रम में मौजूद रहने की जानकारी है।
आयोजन के लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां की गई हैं। रिपोर्टों में 25 लाख से अधिक दीप जलाने की योजना बताई गई है। वहीं विस्तृत तैयारियों में 13,500 ब्लॉक, 45 हजार लीटर तेल, 30 लाख रुई की बाती और करीब 30 हजार स्वयंसेवकों की व्यवस्था का उल्लेख है।
दीपोत्सव का एक प्रमुख आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीपों से बनाई जाने वाली विशाल आकृति होगी। इसके लिए करीब 50 हजार वर्गफीट क्षेत्र में 5 लाख दीपों का इस्तेमाल किए जाने की तैयारी बताई गई है।
कार्यक्रम में भजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और कथावाचन भी होगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए शहर और घाटों पर करीब 3 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जानकारी सामने आई है।
नितिन नबीन रात में उज्जैन में रुकेंगे और 18 सितंबर की सुबह महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती में शामिल होंगे।

Post a Comment