करीब आठ साल से जांच एजेंसियों की नजर में रहे अमित मदनलाल लखनपाल को UAE में गिरफ्तार किया गया है। उस पर निवेशकों से करीब 113.10 करोड़ रुपये की कथित क्रिप्टोकरेंसी ठगी का आरोप है। जांच के मुताबिक लखनपाल ने ‘मनी ट्रेड कॉइन’ यानी MTC नाम की अनधिकृत क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के नाम पर लोगों को बड़े मुनाफे का सपना दिखाया था।
आरोप है कि दिल्ली, पुणे और नासिक में आयोजित सेमिनारों में लखनपाल ने खुद को वित्त मंत्रालय का अधिकारी बताया और दावा किया कि MTC को जल्द सरकारी मान्यता मिल जाएगी। निवेशकों को चार से छह महीने में रकम 10 से 20 गुना तक होने का लालच दिए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।
ED के मुताबिक बाद में MTC से जुड़ी कई योजनाएं और एक्सचेंज शुरू किए गए। एजेंसी का आरोप है कि कॉइन की कीमतों में कथित हेरफेर किया गया और बाद में ट्रेडिंग तथा निकासी की सुविधा रोक दी गई। इससे निवेशकों को अपनी मूल रकम गंवानी पड़ी।
मामला 2018 में सामने आने के बाद ठाणे पुलिस ने लखनपाल और उसके सहयोगियों के खिलाफ FIR दर्ज की थी। वह भारत से फरार हो गया था। जांच एजेंसियों के अनुसार उसने एंटीगुआ और बारबुडा का पासपोर्ट हासिल किया और दुबई में अलग पहचान के साथ रहने लगा। उसके खिलाफ इंटरपोल की कार्रवाई भी पहले हो चुकी थी।
अब UAE में गिरफ्तारी के बाद उसे भारत लाने की प्रक्रिया शुरू होने की बात सामने आई है। यानी आठ साल पुराने इस मामले में अब जांच एजेंसियों के सामने सिर्फ आरोपी को वापस लाने की चुनौती नहीं, बल्कि कथित ठगी की रकम और उससे जुड़ी संपत्तियों का पता लगाने की भी बड़ी जिम्मेदारी है।
Post a Comment