भोपाल। जन्माष्टमी के अवसर पर राजधानी भोपाल का करोंद चौराहा रविवार को गोविंदा टोलियों के रोमांचक मुकाबले का गवाह बनेगा। 6 सितंबर को शाम 7 बजे भगत सिंह चौराहा, करोंद पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। विजेता टीम को एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
आयोजन समिति के प्रमुख एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुमित पचौरी के अनुसार, यह प्रतियोगिता पिछले 20 वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है और अब जन्माष्टमी के प्रमुख आयोजनों में शामिल हो चुकी है। इस बार मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों से गोविंदा टीमें मुकाबले में उतरेंगी। बैतूल, छिंदवाड़ा, सीहोर, जबलपुर, देवास और आष्टा की टीमों का पंजीयन हो चुका है, जबकि अन्य जिलों की टीमों से भी संपर्क जारी है।
आयोजन को मनोरंजन का रंग देने के लिए बॉलीवुड अभिनेत्री अदा शर्मा, अभिनेता चंकी पांडे और राजपाल यादव के शामिल होने की जानकारी दी गई है। भजन गायक प्रमोद त्रिपाठी भी प्रस्तुति देंगे।
आयोजकों का कहना है कि मटकी फोड़ प्रतियोगिता केवल धार्मिक उत्सव तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को संस्कृति से जोड़ने, महिला सशक्तिकरण और नशे से दूर रहने का संदेश देने का माध्यम भी है। प्रदेशभर की गोविंदा टोलियों और नागरिकों से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की गई है।
Post a Comment