ग्वालियर। जन्माष्टमी के अवसर पर आज ग्वालियर का ऐतिहासिक गोपाल मंदिर एक बार फिर राजसी वैभव से जगमगाएगा। फूलबाग स्थित मंदिर में भगवान राधा-कृष्ण का विशेष श्रृंगार बेशकीमती आभूषणों से किया जाएगा। इन आभूषणों की मौजूदा अनुमानित कीमत 120 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
सोने-चांदी के साथ ही हीरे, पन्ने, मोती, माणिक और पुखराज जैसे कीमती रत्नों से जड़े ये आभूषण सालभर बैंक के लॉकर में सुरक्षित रखे जाते हैं। जन्माष्टमी पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच इन्हें लॉकर से निकालकर मंदिर लाया जाता है। साफ-सफाई के बाद इन्हीं आभूषणों से राधा-कृष्ण का राजसी श्रृंगार किया जाएगा।
आभूषणों में सात लड़ियों वाला एक विशेष हार भी शामिल है, जिसमें 62 असली मोती और 55 पन्ने जड़े बताए जाते हैं। इसकी अनुमानित कीमत करीब 35 करोड़ रुपये है। वहीं रत्नजड़ित मुकुट की कीमत करीब 25 करोड़ और सोने के मुकुट की कीमत लगभग 1.25 करोड़ रुपये बताई गई है।
जन्माष्टमी पर मंदिर में भव्य रोशनी, फूल बंगला और रंगोली सजाई जाएगी। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए एलईडी स्क्रीन के जरिए भी दर्शन की व्यवस्था रहेगी। करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। सुरक्षा के लिए पुलिस बल और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है।
गोपाल मंदिर का संबंध सिंधिया राजवंश से रहा है और यहां जन्माष्टमी पर बेशकीमती राजसी आभूषणों से भगवान का श्रृंगार करने की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है।

Post a Comment