वॉशिंगटन। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अगले पांच वर्षों में 1 लाख अमेरिकी युवाओं को चीन आने का न्योता दिया है। व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ मुलाकात के दौरान जिनपिंग ने कहा कि चीन-अमेरिका संबंधों का भविष्य दोनों देशों के लोगों और खासकर युवाओं के बीच संवाद पर निर्भर करता है।
यह पहल 2023 में शुरू किए गए ‘50,000 युवाओं को पांच साल में चीन बुलाने’ के कार्यक्रम का अगला विस्तार है। चीनी विदेश मंत्रालय के मुताबिक 50 हजार का लक्ष्य तय समय से करीब ढाई साल पहले ही पूरा हो चुका है। अब बीजिंग ने संख्या दोगुनी कर दी है।
जिनपिंग ने दोनों देशों के युवाओं के बीच दोस्ती और संवाद बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि चीन और अमेरिका अपने लोगों की उम्मीदों पर खरे उतरें और बेहतर दुनिया के निर्माण के लिए मिलकर काम करें।
चीन के लिए यह कार्यक्रम केवल शैक्षणिक यात्राओं तक सीमित नहीं है। इसमें अध्ययन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, युवा कार्यक्रम और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने की गतिविधियां शामिल हैं। बीजिंग इसे चीन-अमेरिका संबंधों में जन-स्तर के संवाद और आपसी समझ बढ़ाने के माध्यम के रूप में पेश कर रहा है।

Post a Comment