Top News

कृष्णायन की जमीन से खुलेंगे पुराने राज? पुलिस ने मांगे दस्तावेज

प्रणव बजाज



इंदौर। ड्रग्स और ऑनलाइन सट्टेबाजी के बाद राजेंद्र नगर पुलिस की जांच अब जमीन के कारोबार तक पहुंच गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी और भरत पटवारी से जुड़े बताए जा रहे जमीन कारोबार की कड़ियां खंगालते हुए पुलिस ने कॉलोनाइजर सुमित जैन से पूछताछ की है। पुलिस का फोकस अब सिर्फ बयानों पर नहीं, बल्कि जमीन और पैसों के दस्तावेजों पर है।


पूछताछ में कृष्णायन बिल्डकॉन का नाम सामने आया। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक सुमित जैन ने पुलिस के सामने नाना और भरत पटवारी से किसी तरह के लेनदेन से इनकार किया। उसका कहना है कि कृष्णायन बिल्डकॉन से उसका संबंध सतीश पटवारी के जरिए रहा था। सतीश पटवारी को नाना और भरत पटवारी का रिश्तेदार बताया जा रहा है।


पुलिस के मुताबिक अब सुमित जैन के बयान को दस्तावेजों से मिलाया जाएगा। उससे किसानों के साथ हुए जमीन अनुबंध, रजिस्ट्री, भुगतान का रिकॉर्ड, जमीन की आगे हुई खरीद-बिक्री तथा परियोजना से जुड़े टीएनसीपी और रेरा के दस्तावेज मांगे गए हैं।


जांच का एक महत्वपूर्ण बिंदु यह भी है कि जमीन खरीदने के बाद उसका इस्तेमाल कैसे हुआ और उससे जुड़े कारोबारी लेनदेन में किन लोगों की भूमिका रही। पुलिस कथित रेसो डील और जमीन के वास्तविक स्वामित्व एवं लेनदेन की कड़ियों को भी जांच रही है।


ताजा रिपोर्ट के अनुसार कृष्णायन से जुड़े वृंदावन प्राइम परियोजना और उसमें कथित निवेश की जानकारी भी पुलिस की जांच के दायरे में है। पुलिस अब जमीन के कागजों और वित्तीय रिकॉर्ड का मिलान करने की तैयारी में है।


सबसे बड़ा सवाल यही है—बयानों में रिश्तों और लेनदेन से इनकार के बावजूद यदि दस्तावेजों में कोई अलग तस्वीर सामने आती है तो जिम्मेदारी किसकी तय होगी? फिलहाल पुलिस ने किसी निष्कर्ष की घोषणा नहीं की है। दस्तावेजों की जांच और आगे की पूछताछ के बाद ही तस्वीर साफ होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post