इंदौर के सरकारी (एमवाय अस्पताल) की नई ओपीडी बिल्डिंग में लगी डिजिटल एक्स-रे मशीन पिछले पांच महीनों से बंद पड़ी है, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोजाना बड़ी संख्या में आने वाले मरीजों को जांच के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है
जानकारी के अनुसार डिजिटल एक्स-रे मशीन बंद होने के कारण मरीजों को निजी केंद्रों का सहारा लेना पड़ रहा है या फिर अस्पताल के अन्य विभागों में लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ रहा है। इससे उपचार में देरी होने के साथ-साथ मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ रहा है।
मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पतालों में शामिल एमवाय अस्पताल में महीनों से मशीन बंद रहना स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। कई लोगों ने जल्द से जल्द मशीन शुरू करने की मांग की है।
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि तकनीकी कारणों से मशीन बंद है और इसे चालू करने की प्रक्रिया जारी है। हालांकि मरीजों का आरोप है कि लंबे समय से समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। ऐसे में अस्पताल आने वाले हजारों मरीजों को रोजाना असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

Post a Comment