Top News

हसीना को लौटाएं, तभी भारत आएंगे तारिक रहमान!

 


ढाका/नई दिल्ली। भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में एक बार फिर तनाव की नई परत सामने आई है। बांग्लादेश ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान की संभावित भारत यात्रा को लेकर साफ संकेत दिया है कि नई दिल्ली को पहले शेख हसीना के प्रत्यर्पण के मामले में तेजी दिखानी होगी। बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि यात्रा के लिए अनुकूल और सकारात्मक माहौल बनाया जाना जरूरी है।



ढाका ने भारत से शेख हसीना और अन्य वांछित लोगों के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया तेज करने का आग्रह किया है। हसीना 2024 में बांग्लादेश छोड़ने के बाद भारत में रह रही हैं और उनके प्रत्यर्पण की मांग बांग्लादेश लगातार करता रहा है। भारत ने कहा है कि प्रत्यर्पण संबंधी अनुरोध की जांच लागू कानूनों और स्थापित प्रक्रियाओं के तहत की जा रही है।


मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि तारिक रहमान को भारत आने का निमंत्रण मिल चुका है। प्रस्तावित यात्रा को दोनों देशों के बीच संबंध सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा था, लेकिन हसीना का मुद्दा अब सबसे बड़ी कूटनीतिक अड़चन बनता दिखाई दे रहा है।


ढाका के इस रुख से संकेत साफ है—हसीना के प्रत्यर्पण पर प्रगति के बिना भारत यात्रा का माहौल फिलहाल अनुकूल नहीं माना जा रहा। वहीं नई दिल्ली के लिए यह मामला केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि कानूनी और कूटनीतिक दोनों स्तरों पर संवेदनशील है।


अब निगाहें इस बात पर हैं कि भारत बांग्लादेश की इस मांग पर क्या जवाब देता है और तारिक रहमान की प्रस्तावित भारत यात्रा का अगला कदम क्या होगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post