Top News

सीवर की खुदाई में निकला 98 करोड़ का खजाना, 18 साल के युवक ने देखा सोना

 

ब्रुसेल्स। बेल्जियम में सीवर लाइन के लिए चल रही खुदाई के दौरान मजदूरों की आंखों के सामने ऐसा खजाना आया, जिसकी कल्पना शायद किसी ने नहीं की थी। जमीन के नीचे करीब 9 मिलियन यूरो यानी लगभग 98 करोड़ रुपये मूल्य के सोने की बड़ी खेप मिली। इसमें सोने की 49 छड़ें और बड़ी संख्या में सोने के सिक्के शामिल बताए गए हैं।



यह खोज ब्रुसेल्स से करीब 30 किलोमीटर दूर सिंट-गिलिस-डेंडरमोंडे इलाके में सीवर व्यवस्था के लिए खुदाई के दौरान हुई। 18 वर्षीय कोबे, जो वहां अस्थायी तौर पर काम कर रहा था, ने सबसे पहले जमीन में कुछ चमकती चीजें देखीं। शुरुआत में उसे लगा कि शायद सिक्के हैं, लेकिन पास जाकर पता चला कि वहां सोने की छड़ें भी मौजूद थीं।


मजदूरों ने तुरंत अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे खजाने को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित सरकारी भंडार में पहुंचा दिया। सोने की गिनती और सूची तैयार करने के बाद इसकी अनुमानित कीमत करीब 9 मिलियन यूरो आंकी गई है।


अब असली रहस्य यह है कि इतना बड़ा सोने का भंडार जमीन के नीचे पहुंचा कैसे? पुलिस और अभियोजक यह पता लगाने में जुटे हैं कि खजाना किसका था और इसके कानूनी मालिकाना हक का दावा कौन कर सकता है।


सीवर की खुदाई से शुरू हुआ यह काम अब करोड़ों के खजाने और उसके मालिक की तलाश में बदल गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post