इंदौर। बड़गोंदा थाना क्षेत्र के पातालपानी रोड स्थित विवान रिजॉर्ट फार्म हाउस में बिना अनुमति शराब पार्टी चलने की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही पार्टी में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर युवक-युवतियां तेज संगीत के बीच शराब का सेवन करते मिले। पुलिस के अनुसार, पार्टी आयोजित करने की अनुमति और शराब परोसने से संबंधित दस्तावेज संचालक प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस कार्रवाई में पार्टी संचालक रेहान पिता अजीजउल रहमान, निवासी इंदौर के खिलाफ शासन के आदेश की अवहेलना और आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। उसे हिरासत में लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, मौके पर मौजूद युवतियों को महिला पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने के कारण समझाइश देकर रवाना कर दिया गया। पूछताछ में सामने आया कि हातोद थाना क्षेत्र के ग्राम बुढ़ाना का पूर्व सरपंच देवकरण भी पार्टी में मौजूद था। पुलिस ने देवकरण के साथ सुनील, विक्की और मनोज के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया।
फार्म हाउस और रिसॉर्ट पुलिस की निगरानी में
बड़गोंदा क्षेत्र में फार्म हाउस और रिसॉर्ट में होने वाले निजी आयोजनों को लेकर पुलिस ने निगरानी बढ़ाने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि बिना अनुमति आयोजन या नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में कई फार्म हाउस और रिसॉर्ट पूर्व सैन्यकर्मियों तथा सेवानिवृत्त अधिकारियों के बताए जाते हैं, जिन्हें किराए पर दिया गया है। पुलिस अब ऐसे स्थानों पर होने वाले आयोजनों की अनुमति और गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

Post a Comment