उज्जैन। बौद्धिक प्रतिकार। महाकाल की नगरी उज्जैन की बेटी निकिता पोरवाल अब विश्व मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रही हैं। फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024 का खिताब जीत चुकीं निकिता वियतनाम में आयोजित 73वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में दुनिया के करीब 120 देशों की प्रतिभागियों के बीच भारत की दावेदारी पेश करेंगी। प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 5 सितंबर 2026 को होगा।
निकिता ने 2024 में मुंबई में आयोजित फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड का खिताब जीतकर मध्य प्रदेश की पहली मिस इंडिया बनने का गौरव हासिल किया था। उज्जैन में जन्मीं निकिता की स्कूली शिक्षा कार्मेल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल से हुई और उन्होंने महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय, वडोदरा से स्नातक की पढ़ाई की।
निकिता की पहचान केवल सौंदर्य प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है। वह अभिनेत्री, लेखिका, नाटककार और रंगमंच कलाकार भी हैं। उन्होंने बचपन से ही लेखन और अभिनय में रुचि दिखाई। वह 60 से अधिक नाटकों में अभिनय कर चुकी हैं और सामाजिक कार्यों से भी जुड़ी हैं।
उनकी पहल ‘माटी’ के माध्यम से आदिवासी समुदायों की महिलाओं के लिए शिक्षा, कौशल विकास और आजीविका के क्षेत्र में काम किया जा रहा है। निकिता का कहना है कि विश्व मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।
वियतनाम पहुंच चुकी निकिता प्रतियोगिता के विभिन्न प्रशिक्षण और कार्यक्रमों में हिस्सा ले रही हैं। अलग-अलग देशों की प्रतिभागियों के साथ उनका सांस्कृतिक मेलजोल भी देखने को मिल रहा है। अब निगाहें 5 सितंबर के उस ऐतिहासिक दिन पर हैं, जब यह तय होगा कि विश्व सुंदरी का ताज किसके सिर सजेगा। भारत को उम्मीद है कि उज्जैन की बेटी निकिता इस मंच पर देश का गौरव बढ़ाएंगी।

Post a Comment