हर वर्ष 15 जुलाई को विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों को प्लास्टिक सर्जरी के महत्व और इससे जुड़ी भ्रांतियों के बारे में जागरूक करना है। आमतौर पर लोग प्लास्टिक सर्जरी और कॉस्मेटिक सर्जरी को एक ही मान लेते हैं, जबकि दोनों का उद्देश्य और उपयोग अलग-अलग होता है।
प्लास्टिक सर्जरी मुख्य रूप से शरीर के किसी क्षतिग्रस्त, जन्मजात विकृति वाले या दुर्घटना, जलने, कैंसर अथवा अन्य बीमारी से प्रभावित अंग या ऊतक के पुनर्निर्माण (रिकंस्ट्रक्शन) के लिए की जाती है। इसका उद्देश्य शरीर की कार्यक्षमता और सामान्य स्वरूप को बहाल करना होता है।
वहीं कॉस्मेटिक सर्जरी का उद्देश्य किसी स्वस्थ व्यक्ति के शरीर या चेहरे की बनावट और सौंदर्य को बेहतर बनाना होता है। जैसे नाक का आकार बदलना, फेसलिफ्ट, लिपोसक्शन, स्तनों का आकार बदलना या त्वचा संबंधी सौंदर्य प्रक्रियाएं। यह आमतौर पर व्यक्ति की इच्छा के अनुसार कराई जाती है और चिकित्सकीय आवश्यकता होना जरूरी नहीं होता।
विशेषज्ञों के अनुसार, दोनों प्रकार की सर्जरी केवल योग्य और प्रशिक्षित प्लास्टिक सर्जन से ही करानी चाहिए। किसी भी सर्जरी से पहले उसके लाभ, संभावित जोखिम, खर्च और रिकवरी अवधि की पूरी जानकारी लेना आवश्यक है। सही सलाह और अनुभवी विशेषज्ञ का चयन सुरक्षित एवं बेहतर परिणाम के लिए सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है।

Post a Comment