Top News

बिजली बंद किए बिना होगी हाईटेंशन लाइनों की मरम्मत, एमपी ट्रांसको ने अपनाई नई तकनीक

 


भोपाल। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने बिजली आपूर्ति को और अधिक विश्वसनीय बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 'बेयर हैंड' और 'हॉट लाइन मेंटेनेंस' तकनीक लागू कर दी है। इस तकनीक की मदद से अब हाईटेंशन ट्रांसमिशन लाइनों की मरम्मत और रखरखाव बिना बिजली आपूर्ति बाधित किए किया जा सकेगा।


कंपनी के अधिकारियों के अनुसार अब ट्रांसमिशन लाइनों पर काम करने के लिए बार-बार शटडाउन लेने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे उद्योगों, अस्पतालों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और आम उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। नई तकनीक में विशेष सुरक्षा उपकरणों और प्रशिक्षित इंजीनियरों की सहायता से विद्युत प्रवाहित रहने के दौरान ही रखरखाव कार्य किया जाएगा।

एमपी ट्रांसको का कहना है कि इस व्यवस्था से आपातकालीन परिस्थितियों में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित किए बिना तकनीकी खराबियों को दूर किया जा सकेगा। साथ ही शटडाउन की संख्या में कमी आने से ट्रांसमिशन नेटवर्क की विश्वसनीयता और दक्षता भी बढ़ेगी।

कंपनी ने इस तकनीक के लिए इंजीनियरों और तकनीकी कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया है। अधिकारियों के अनुसार आने वाले समय में प्रदेश के विभिन्न ट्रांसमिशन सर्किलों में भी इस तकनीक का विस्तार किया जाएगा। इससे बिजली व्यवस्था अधिक आधुनिक, सुरक्षित और उपभोक्ता-अनुकूल बनने के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post