Top News

इंदौर की रेल उपेक्षा पर ताई का तीखा पत्र: क्या सांसद और रेलवे दोनों कटघरे में?

 


सुमित्रा महाजन ने महाप्रबंधक को लिखा पत्र, नई ट्रेनों, आधुनिक रैक और अधूरी परियोजनाओं पर उठाए सवाल

इंदौर। इंदौर की रेल सुविधाओं को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है। लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष और इंदौर की पूर्व सांसद सुमित्रा महाजन (ताई) ने पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर इंदौर के साथ लगातार हो रही उपेक्षा पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पत्र में उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक राजधानी और लगभग 40 लाख की आबादी वाले शहर को उसकी जरूरत और महत्व के अनुरूप रेल सुविधाएं नहीं मिल रहीं।


ताई ने आरोप लगाया कि इंदौर के लिए प्रस्तावित कई महत्वपूर्ण रेल सेवाएं वर्षों से लंबित हैं। जयपुर–इंदौर और रीवा–इंदौर जैसी ट्रेनों के प्रस्ताव अब तक अमल में नहीं आए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटित आधुनिक मेमू सेवा को इंदौर से हटाकर पुराने और बार-बार खराब होने वाले डेमू रैक चलाए जा रहे हैं, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

पत्र में महू–उज्जैन लोकल ट्रेन सेवा शुरू करने, अयोध्या के लिए सीधी रेल सेवा उपलब्ध कराने तथा पुणे–इंदौर ट्रेन जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं को पुनः शुरू करने की मांग भी की गई है। ताई ने यह भी उल्लेख किया कि लक्ष्मीबाई नगर में अतिरिक्त प्लेटफॉर्म और लाइन क्षमता उपलब्ध होने के बावजूद बार-बार आधारभूत ढांचे की कमी का तर्क दिया जाता है, जो तथ्यात्मक स्थिति से मेल नहीं खाता।

सांसद की भूमिका पर भी उठे सवाल

इस पत्र के सामने आने के बाद वर्तमान सांसद शंकर लालवानी की भूमिका पर भी राजनीतिक चर्चा शुरू हो गई है। विपक्ष सवाल उठा रहा है कि यदि रेलवे और केंद्र सरकार एक ही व्यवस्था के अंतर्गत काम कर रहे हैं, तो वर्षों से लंबित रेल परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में अपेक्षित परिणाम क्यों नहीं मिले। हालांकि, सांसद या रेलवे की ओर से इस पत्र पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना अभी बाकी है।

जनता की सबसे बड़ी मांग

इंदौर लंबे समय से नई ट्रेनों, बेहतर रैक, समयबद्ध रेल सेवाओं और बढ़ती आबादी के अनुरूप रेल ढांचे के विस्तार की मांग करता रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इंदौर को व्यापार, उद्योग और पर्यटन का राष्ट्रीय केंद्र बनाना है तो रेलवे को भी उसी गति से विकसित करना होगा, अन्यथा शहर की परिवहन आवश्यकताओं और उपलब्ध सुविधाओं के बीच का अंतर लगातार बढ़ता जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post