जीतू पटवारी के भाई नाना से आमने-सामने पूछताछ, सट्टे के खेल की स्वीकारोक्ति का दावा
प्रणव बजाज
फरार बिल्डर सुमित मंत्री के घर नोटिस चस्पा, पुलिस ने मां को थमाया समन; ड्रग्स और ऑनलाइन सट्टेबाजी जांच का दायरा बढ़ा
इंदौर। ड्रग्स और ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े चर्चित मामले में पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। जांच के केंद्र में आए फरार बिल्डर सुमित मंत्री की तलाश तेज कर दी गई है। शनिवार देर रात पुलिस की टीम उसके घर पहुंची, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने उसकी मां को नोटिस देकर सुमित मंत्री को रविवार को हर हाल में थाने में उपस्थित होने के निर्देश दिए।
इसी मामले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी से भी करीब दो घंटे तक आमने-सामने पूछताछ की गई। पुलिस सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े कुछ तथ्यों को स्वीकार किया गया। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
दूसरी ओर, पुलिस ने अमित कौशल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसका संबंध पहले से गिरफ्तार संजय कौशल से पारिवारिक बताया जा रहा है। जांच एजेंसियां दोनों से दोबारा रिमांड पर पूछताछ कर ड्रग्स नेटवर्क, ऑनलाइन सट्टेबाजी और कथित आर्थिक लेन-देन के बीच संभावित कड़ियों की जांच कर रही हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी डिजिटल साक्ष्य, बैंक लेन-देन, मोबाइल डेटा और अन्य तकनीकी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे और लोगों से पूछताछ या कार्रवाई की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।
(नोट: नाना पटवारी या सुमित मंत्री के विरुद्ध किसी आरोप पर अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही माना जाएगा। पुलिस जांच जारी है।)

Post a Comment