भोपाल। उद्यानिकी विभाग के सहायक संचालक से तबादला कराने के नाम पर कथित रूप से पांच लाख रुपये मांगने और राशि नहीं मिलने पर इंटरनेट मीडिया पर भ्रामक पोस्ट एवं फर्जी खबरें प्रसारित करने के मामले में भोपाल क्राइम ब्रांच ने ग्वालियर के भाजपा नेता शाहरुख खान के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, उद्यानिकी विभाग के सहायक संचालक भूपेंद्र सागोरे ने शिकायत में आरोप लगाया कि तबादले में मदद कराने के नाम पर उनसे पांच लाख रुपये की मांग की गई थी। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और सचिव के खिलाफ इंटरनेट मीडिया पर गलत जानकारी वाली पोस्ट प्रसारित की गईं।
शिकायत के आधार पर क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपों से जुड़े साक्ष्य, इंटरनेट मीडिया पोस्ट और कथित लेनदेन की जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
सवालों के घेरे में तबादला उद्योग
प्रदेश में तबादलों को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें सामने आती रही हैं। इस मामले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या प्रशासनिक फेरबदल को लेकर दलालों और प्रभावशाली लोगों का नेटवर्क सक्रिय है? जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता सामने आएगी।

Post a Comment