लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को कालीदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर हुई उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में 16 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में आधारभूत ढांचे के विकास, महिला सशक्तिकरण और उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए।
कैबिनेट ने छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 50 हजार छात्राओं को स्कूटी उपलब्ध कराने की योजना को मंजूरी दी। इस योजना के तहत पात्र छात्राओं को निःशुल्क स्कूटी के साथ हेलमेट और शुरुआती उपयोग के लिए पेट्रोल भी उपलब्ध कराया जाएगा।
सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देना, उनकी आवाजाही को सुरक्षित और आसान बनाना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। खासकर ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों की छात्राओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
बैठक में शिक्षा और महिला कल्याण के अलावा आधारभूत ढांचे के विस्तार से जुड़े कई अन्य प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गई। सरकार का दावा है कि इन निर्णयों से प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिलेगी और युवाओं व महिलाओं के लिए नए अवसर सृजित होंगे।
योजना के पात्रता मानदंड, आवेदन प्रक्रिया और वितरण की विस्तृत जानकारी संबंधित विभाग जल्द जारी करेगा।

Post a Comment