गंगटोक। सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन सुरंग ढहने से बड़ा हादसा हो गया। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने मंगलवार को बताया कि इस दुर्घटना में अब तक 8 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य मजदूर अब भी सुरंग के भीतर फंसे होने की आशंका है। बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है।
यह हादसा राष्ट्रीय जलविद्युत निगम (एनएचपीसी) की तीस्ता चरण-6 जलविद्युत परियोजना के तहत समरडुंग क्षेत्र में निर्माणाधीन सुरंग में हुआ। भूस्खलन के कारण सुरंग का प्रवेश द्वार बंद हो गया, जिसके बाद संदिग्ध गैस रिसाव ने राहत एवं बचाव कार्य को और कठिन बना दिया। कई बचावकर्मियों को भी गैस के कारण चक्कर आने और बेहोश होने की शिकायत हुई।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल, पुलिस, अग्निशमन दल और अन्य एजेंसियां संयुक्त रूप से राहत कार्य में जुटी हैं। मृतकों के शव विभिन्न अस्पतालों में भेजे गए हैं, जबकि फंसे मजदूरों को सुरक्षित निकालने के प्रयास लगातार जारी हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से फोन पर बात कर हादसे की जानकारी ली और केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। प्रशासन ने कहा है कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कराई जाएगी।

Post a Comment