भोपाल। मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में पुनर्स्थापित चीतों के भोजन पर पिछले तीन वर्षों में 1 करोड़ 89 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। यह जानकारी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधानसभा में विधायक बाबू जंडेल के प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।
सरकार के अनुसार, यह राशि चीतों के लिए आवश्यक शिकार, मांस, पशु चिकित्सा संबंधी आवश्यकताओं तथा भोजन प्रबंधन पर नियमानुसार खर्च की गई। सरकार ने स्पष्ट किया कि इस खर्च में किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या घोटाले के आरोप सही नहीं पाए गए हैं।
विधानसभा में उठे सवाल के जवाब में सरकार ने कहा कि कूनो में चीता परियोजना अंतरराष्ट्रीय महत्व की वन्यजीव संरक्षण योजना है। चीतों के स्वास्थ्य, पोषण और संरक्षण के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप ही व्यय किया गया है। सभी खर्च सक्षम अधिकारियों की निगरानी और निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार किए गए।
विपक्ष की ओर से खर्च की पारदर्शिता और निगरानी को लेकर सवाल उठाए गए, लेकिन सरकार ने दोहराया कि उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर किसी भी प्रकार के घोटाले की पुष्टि नहीं हुई है।

Post a Comment