'
भोपाल में कानून सबके लिए बराबर है—इस संदेश के साथ न्यायपालिका और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर वीआईपी संस्कृति पर सख्त प्रहार किया। डीबी सिटी चौराहे पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अग्नीध्र कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में करीब चार घंटे तक चले विशेष अभियान में मंत्री, सांसद, अफसर और आम नागरिकों के वाहनों की समान रूप से जांच की गई।
जांच के दौरान कुल 137 वाहनों पर चालान किए गए, जिनमें 34 वाहन मंत्री, सांसद और वरिष्ठ अधिकारियों से जुड़े बताए गए। कई वाहनों से अवैध हूटर हटवाए गए, काली फिल्म उतरवाई गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई। एक सांसद की नेम प्लेट लगी गाड़ी को भी रोककर नियमों के अनुसार कार्रवाई की गई।
अभियान में मंत्री विश्वास सारंग के स्टाफ की गाड़ी पर लगे हूटर पर भी चालान किया गया। वहीं छिंदवाड़ा महापौर विक्रम अहाके की गाड़ी भी जांच से नहीं बच सकी। हालांकि टीटी नगर की तहसीलदार करुणा दंडोतिया ने हूटर की वैध अनुमति से संबंधित सरकारी आदेश प्रस्तुत किया, जिसके बाद उन्हें नियमानुसार छूट दी गई।
इस कार्रवाई के दौरान 10 अवैध हूटर हटाए गए, 14 वाहनों से काली फिल्म हटवाई गई और हेलमेट सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई हुई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों के पालन में किसी भी व्यक्ति को विशेष छूट नहीं मिलेगी।

Post a Comment