नादिया में तड़के 3 बजे पुलिस की कार्रवाई, कई अहम दस्तावेज भी खंगाले गए
पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस (TMC) की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। नादिया जिले में पुलिस ने तड़के करीब 3 बजे टीएमसी नेता टीना साहा के आवास पर छापेमारी कर लगभग 3 किलोग्राम सोना बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार हाल ही में गिरफ्तार टीएमसी नेता सब्यसाची दत्ता से पूछताछ के दौरान जांच एजेंसियों को कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली थीं। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने टीना साहा के घर पर छापा मारने का फैसला लिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस और जांच अधिकारियों ने घर की गहन तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में सोना बरामद होने की बात सामने आई है। इसके अलावा कुछ दस्तावेजों और अन्य सामग्री की भी जांच की जा रही है, ताकि बरामद संपत्ति के स्रोत का पता लगाया जा सके।
सूत्रों क मुताबिक जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद सोना वैध आय से खरीदा गया था या इसके पीछे किसी अवैध लेन-देन अथवा वित्तीय अनियमितता का संबंध है। मामले में आगे और लोगों से पूछताछ की संभावना भी जताई जा रही है।
इस कार्रवाई ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। विपक्ष ने मामले को भ्रष्टाचार से जोड़ते हुए सरकार पर निशाना साधा है, जबकि टीएमसी की ओर से अभी विस्तृत प्रतिक्रिया का इंतजार है।
जांच एजेंसियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से पड़ताल की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment