Madhya Pradesh के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब गांवों में घरेलू बिजली कनेक्शन मात्र 5 रुपये में दिया जाएगा। इसके लिए मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी 14 मई से ‘संपर्क अभियान 2026’ शुरू करने जा रही है।
कंपनी के प्रबंध संचालक Rishi Garg ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान उपभोक्ताओं की शिकायतों का तुरंत समाधान किया जाए। राजगढ़ वृत्त कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि बिजली सेवाओं को ज्यादा सरल और उपभोक्ता केंद्रित बनाया जाएगा।
अभियान के तहत गांवों में शिविर लगाए जाएंगे, जहां लोगों को मौके पर ही बिजली से जुड़ी समस्याओं का समाधान मिलेगा। इसमें बिजली बिल विवाद, नाम परिवर्तन, भार वृद्धि, ई-केवाईसी, खराब मीटर बदलना, स्मार्ट मीटर शिकायत, वोल्टेज समस्या और खराब ट्रांसफार्मर जैसी शिकायतें शामिल रहेंगी।
अधिकारियों को गांव-गांव सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जिन परिवारों तक अब तक बिजली नहीं पहुंची है, उन्हें तुरंत योजना का लाभ दिया जा सके। गरीब और जरूरतमंद परिवारों को इससे सबसे ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद है।
बैठक में बकायादार उपभोक्ताओं को राहत देने वाली समाधान योजना 2025-26 पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों से कहा गया है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस योजना से जोड़कर पुराने बिल आसान किस्तों में जमा कराने की सुविधा दी जाए।
इसके साथ ही ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, उपकेंद्रों की मरम्मत और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए हैं। बिजली चोरी रोकने और लाइनकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने की तैयारी की गई है।

Post a Comment