आमतौर पर जब किसी बड़े अपराधी को पकड़ने के लिए पुलिस द्वारा मोटी रकम के इनाम की घोषणा की जाती है तो वह चर्चा के केंद्र में रहती है. लेकिन यहां मामला बिल्कुल उलटा है. नरसिंहपुर पुलिस ने फरार कुख्यात अपराधी पर इनाम रूपी ऐसा बाण मारा कि वह घायल होकर खुद ही पुलिस के पास सरेंडर करने पहुंच गया. पुलिस को भी यकीन नहीं हुआ कि उसकी ये तरकीब इतनी काम की निकलेगी.
वांटेड पर एक रुपये का इनाम चर्चा के केंद्र में
नरसिंहपुर में शराब माफ़िया पर एक रुपये का इनाम पूरे जिले में ही नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश में चर्चा का विषय बना है. नरसिंहपुर पुलिस की अनोखी रणनीति ने कुख्यात शराब माफिया धनराज लोधी को शर्मसार कर दिया. एक महीने से फरार आरोपी पर नरसिंहपुर पुलिस ने महज़ 1 रुपये का इनाम रखा.
लग्जरी वाहन से जब्त की थी 44 पेटी शराब
मामले के अनुसार नरसिंहपुर के करेली थाना क्षेत्र में 9 जनवरी को एक लग्जरी वाहन से 44 पेटी अवैध देशी शराब जब्त की गई. मौके से 2 तस्कर तो गिरफ्तार हो गए लेकिन शराब तस्करी का सरगना धनराज लोधी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. वह करीब एक माह से फरार चल रहा था.

Post a Comment