Top News

सावरकर की तस्वीरें हटाने की याचिका पर SC का सुनवाई से इनकार, जुर्माना लगाने की दी चेतावनी The Supreme Court refused to hear the petition seeking the removal of Savarkar's pictures and warned of imposing a fine.


सुप्रीम कोर्ट ने उस जनहित याचिका पर सुनवाई करने से मंगलवार को इनकार कर दिया, जिसमें संसद और अन्य सार्वजनिक स्थानों से विनायक दामोदर सावरकर की तस्वीरें हटाने की मांग की गई थी। अदालत ने याचिकाकर्ता को जुर्माना लगाने की चेतावनी दी, हालांकि याचिकाकर्ता को याचिका वापस लेने की अनुमति दे दी।



प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जयमाल्या बागची और जस्टिस विपुल एम पंचोली की बेंच ने निरर्थक याचिका दायर करने के लिए याचिकाकर्ता सेवानिवृत्त भारतीय राजस्व सेवा अधिकारी बी. बालमुरुगन को चेतावनी दी कि अदालत का समय बर्बाद करने के लिए भारी लागत लगाई जा सकती है।

इस तरह की याचिका मानसिकता को दर्शाती है- CJI

प्रधान न्यायाधीश ने कहा, इस तरह की याचिका मानसिकता को दर्शाती है। पीठ ने उस समय कड़ी नाराजगी जताई जब याचिकाकर्ता ने कहा कि वह आर्थिक परेशानी के कारण अदालत में आकर खुद बहस नहीं कर सकते। प्रधान न्यायाधीश ने कहा, आप आईआरएस में थे। आप दिल्ली आ सकते हैं, खुद पेश हो सकते हैं और बहस कर सकते हैं। आप अपने आप को क्या समझते हैं?

सार्वजनिक स्थानों से सावरकर के चित्र हटाने की मांग

बालामुरुगन ने याचिका में संसद के केंद्रीय कक्ष और अन्य सार्वजनिक स्थानों से सावरकर के चित्र हटाने का निर्देश देने की मांग की थी। याचिका में सरकार को ऐसे लोगों को सम्मान देने से रोकने की मांग की गई थी, जिन पर हत्या, हत्या की साजिश या राष्ट्रविरोधी गतिविधियों जैसे गंभीर अपराधों आरोप लगे हों, जब तक वे अदालत से बरी न हो जाएं।

बालामुरुगन ने याचिका वापस ली

सुनवाई के दौरान प्रधान न्यायाधीश ने याचिकाकर्ता की पृष्ठभूमि और उनके सेवा रिकॉर्ड पर सवाल किए। प्रधान न्यायाधीश ने कहा, कृपया इन सब में न पड़ें। अब अपनी सेवानिवृत्ति का आनंद लें। समाज में कुछ रचनात्मक भूमिका निभाएं। परिणाम को भांपते हुए, बालामुरुगन ने याचिका वापस लेने की अनुमति मांगी, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post