मकर संक्रांति बीतने के लगभग 10 दिनों बाद भी उत्तर भारत कड़ाके की ठंड और शीत लहर की चपेट में है। हिमाचल प्रदेश के शिमला-मनाली जैसे निचले इलाकों में भारी बर्फबारी हो रहा है। जिससे मैदानी इलाकों में भी इसका असर देखने को मिल रहा है। दिल्ली-एनसीआर सहित पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में घने कोहरे और शीतलहर का दौर जारी है।
भारत के पहाड़ी राज्यों, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से भारी बर्फबारी का दौर जारी है। इस बर्फबारी को लेकर जहां एक तरफ लोगों में उत्साह है, वहीं दूसरी तरफ इससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली जिले और जम्मू के डोडा में पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर बर्फबारी का दौर जारी है।
आने वाले 2-3 दिनों तक ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग की माने तो 48-72 घंटे तक रह सकता है। आने वाले 2 से 3 दिनों तक मौसम का हाल ऐसा ही बने रहने की संभावना है। उसके बाद तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी, जिससे लोगों को सर्दी के सितम से कुछ राहत मिल सकती है।
दिल्ली एनसीआर में बारिश के बाद छाया कोहरा
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली एनसीआर के इलाके में शुक्रवार को बारिश हुई है। जिसका असर शनिवार को मौसम पर देखने को मिला। शनिवार को दिल्ली में घना कोहरा छाया रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी 8-9 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। हालांकि ठंडी बर्फिली हवाओं के कारण कंपकपी की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले दिनों में भी घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है, इसके साथ ही तापमान में भी गिरावट होने की संभावना है।
पंजाब-हरियाणा-चंडीगढ़ में कड़ाके की सर्दी
पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश का असर पंजाब और हरियाणा के मौसम पर भी पड़ रहा है। बारिश के कारण इन राज्यों के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इसके साथ ही आने वाले दिनों में कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। जिससे दृश्या लगभग शुन्य हो सकती है। ऐसे में वाहन चलाने वाले और यात्रा करने वाले लोगों को सावधान रहने की आवश्यकता है।
राजस्थान में अलर्ट
पश्चिमी विक्षोभ का असर राजस्थान के कई इलाकों पर पड़ रहा है। आईएमडी ने कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश औ ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही 25 जनवरी को कई इलाकों में घने कोहरे और शीतलहर की भी चेतावनी जारी की गई है। कुछ इलाकों में तापमान 0-5 डिग्री तक गिरने की संभावना है।

Post a Comment