इंदौर में हाईप्रोफाइल ठग संजय कालरा उर्फ संजय कारिरा से अन्नपूर्णा पुलिस ने तीन करोड़ रुपये कीमती 24 कारें बरामद कर ली हैं। बरामद कारों में ऑडी, स्कार्पियो, इनोवा, क्रिस्टा, थार जैसी महंगी कारें हैं। पुलिस को कारों को दशहरा मैदान में खड़ा करना पड़ा है। टेंट लगाकर कारों पर नजर रखी जा रही है
डीसीपी जोन-4 आनंद कलादगी के अनुसार सुदामा नगर निवासी संजय कालरा उर्फ कारिरा पर दो एफआईआर दर्ज हुई हैं। एक प्रकरण में राधिका सोलंकी ने वाशिंग सेंटर पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है। दूसरे केस में रोमेंद्रसिंह भदौरिया ने कार की हेराफेरी की शिकायत की है। केस दर्ज होने के बाद 45 से ज्यादा पीड़ितों ने पुलिस से संपर्क कर कहा कि कालरा उनकी कार भी गायब कर चुका है।
आईपीएस अफसरों को देता था महंगे मोबाइल
कालरा किराये का अनुबंध कर कार लेता था। बाद में उसको आगे बेचकर लाखों रुपये ले लेता था। उसकी बड़े अफसरों के साथ उठक-बैठक रही है। आईपीएस अफसरों को तो उपहार में महंगे मोबाइल देता था। उनकी आड़ लेकर कालरा लोगों को धमकाता भी था। लोगों ने उसके खिलाफ थानों में शिकायत की पर सुनवाई नहीं हुई।
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह को शिकायत मिलने पर कालरा को एमओजी लाइन से गिरफ्तार करवाया। शनिवार को पुलिस उपायुक्त ने मामले में प्रेस वार्ता ली। कालरा से बरामद कार दशहरा मैदान में खड़ी करना पड़ी। मैदान में ही टेंट लगाकर अफसरों ने चर्चा की। इस दौरान देखने वालों की भीड़ लग गई। महंगी और लग्जरी कार देखकर लोग कार मेला समझने लगे।

Post a Comment