कड़ी-चार
उपशीर्षक: ठेकेदारों पर कार्रवाई के सरकारी दस्तावेज मौजूद, फिर भी सवाल कायम—निगरानी की जिम्मेदारी आखिर किसकी?
सड़क पर गाड़ी दौड़ती है, टोल कटता है और जनता आगे बढ़ जाती है। लेकिन सड़क समय से पहले टूटे तो जिम्मेदारी किसकी? यही सवाल अब सिर्फ सड़क का नहीं, पूरे निगरानी तंत्र का है।
30 जुलाई 2025 के राज्यसभा दस्तावेज में सड़क निर्माण से जुड़े कई ठेकेदारों पर कार्रवाई दर्ज है। पीएनसी इन्फ्राटेक के मामले में कंपनी के कर्मचारियों पर रिश्वत के आरोपों से जुड़े सीबीआई प्रकरण का उल्लेख है। जयप्रकाश एसोसिएट्स और गायत्री प्रोजेक्ट्स पर निर्माण गुणवत्ता में खामियों के कारण एक वर्ष का प्रतिबंध लगाया गया। शिव बिल्डइंडिया के मामले में फ्लाईओवर के गर्डर गिरने से एक व्यक्ति की मौत के बाद एक करोड़ रुपये का दंड और प्रतिबंध लगाया गया। जीपीसी इन्फ्रास्ट्रक्चर के मामले में दो लोगों की मौत वाले हादसे के बाद दंड और प्रतिबंध की कार्रवाई दर्ज है।
अब सवाल ठेकेदार से आगे जाता है।
यदि स्वतंत्र अभियंता को निर्माण की निगरानी करनी थी तो खामी समय रहते क्यों नहीं पकड़ी गई? यदि एनएचएआई को निगरानी करनी थी तो कार्रवाई हादसे या सड़क खराब होने के बाद ही क्यों दिखाई देती है? और यदि मंत्रालय सर्वोच्च निगरानी संस्था है तो जवाबदेही की अंतिम रेखा कहां है?
2025 में एनएचएआई को स्वयं यह व्यवस्था बदलनी पड़ी कि एक अभियंता को अधिकतम दस परियोजनाओं से ज्यादा की निगरानी न दी जाए, क्योंकि एक ही अभियंता पर बहुत अधिक परियोजनाओं का बोझ गुणवत्ता निगरानी को प्रभावित कर सकता था।
जुलाई 2025 में गुजरात के अमृतसर-जामनगर गलियारे पर सड़क की परत खराब मिलने पर ठेकेदार सीडीएस इन्फ्रा प्रोजेक्ट्स, स्वतंत्र अभियंता कंपनी और एनएचएआई के परियोजना निदेशक—तीनों के खिलाफ कार्रवाई हुई।
अगस्त 2026 में कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर करीब 300 मीटर हिस्से में धंसाव के बाद पीएनसी इन्फ्राटेक, स्वतंत्र अभियंता कंपनी और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई शुरू हुई तथा उस हिस्से पर टोल भी रोक दिया गया।
इसलिए सवाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, मंत्रालय, एनएचएआई और पूरे निगरानी तंत्र से है—जनता से टोल लेने की व्यवस्था मजबूत है, लेकिन जनता को गुणवत्तापूर्ण सड़क देने की जवाबदेही कितनी मजबूत है?
देश को जवाब चाहिए।

एक टिप्पणी भेजें