कड़ी-चार
प्रणव बजाज
उपशीर्षक: दिलीप पुरी की मौत से खुला शराब कारोबार का जाल; 40 करोड़ के ठेकों में हिस्सेदारी, 35 लाख की बरामदगी और आठ गिरफ्तारियों ने जांच को नए मोड़ पर पहुंचाया
खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत के बाद शुरू हुई जांच अब टिमरनी की शराब दुकानों से आगे बढ़ चुकी है। पुलिस के अनुसार इस मामले में पाटेंद्र जायसवाल की 10 प्रतिशत, राहुल जायसवाल, मनीष जायसवाल और मोहित जायसवाल की 30-30 प्रतिशत हिस्सेदारी सामने आई है। पुलिस ने राहुल जायसवाल से पूछताछ के आधार पर करीब 35 लाख रुपये जब्त किए और आरोपियों के बीच पैसों के बंटवारे से जुड़ी बातचीत भी मिलने की बात कही है।
अब तक पाटेंद्र जायसवाल, मनीष जायसवाल, राहुल जायसवाल, केरम सिंह, विजय राव, गजेंद्र रावत, धीरज और भूपेंद्र राणा गिरफ्तार बताए गए हैं, जबकि मोहित जायसवाल की मौत हो चुकी है।
पुलिस ने शराब दुकानों के छह वाहन और लेन-देन से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए हैं।
इधर गुजरात सीमा से जुड़े जिलों में 163 तस्करी मामलों की जांच को लेकर इंदौर उच्च न्यायालय में सवाल उठे हैं। याचिका में आरोप है कि जांच शराब के स्रोत, कारखानों और भंडारगृह संचालकों तक नहीं पहुंची। 18 नवंबर की सुनवाई इसी पृष्ठभूमि में महत्वपूर्ण बनी।
अब असली सवाल है—10 प्रतिशत सामने आया, 90 प्रतिशत की परत कब खुलेगी?

एक टिप्पणी भेजें