दाऊद के पुश्तैनी घर से जुड़ी इमारत पर कार्रवाई, विधायक ने उठाए कानूनी सवाल
मुंबई में इस्माइल हबीब मुसाफिरखाने को गिराने की कार्रवाई गुरुवार सुबह कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच शुरू हुई। बीएमसी के मुताबिक इमारत जर्जर और खतरनाक है। सैफी बुरहानी अपलिफ्टमेंट ट्रस्ट ने अगस्त 2020 के बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए इमारत खाली कराकर ध्वस्त करने का अनुरोध किया था। ट्रस्ट के अनुसार यह संपत्ति उसकी क्लस्टर पुनर्विकास योजना के सेक्टर-8 में आती है और इसका एक हिस्सा प्रस्तावित सड़क की राह में है।
कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल और बीएमसी अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। डीसीपी मनीष कलवानिया ने कार्रवाई शांतिपूर्ण होने की बात कही।
वहीं कांग्रेस विधायक अमीन पटेल ने कार्रवाई का विरोध करते हुए दावा किया कि 2024 और 2025 में हाई कोर्ट ने ध्वस्तीकरण पर रोक लगाई थी। उन्होंने संपत्ति के वक्फ होने को लेकर चल रही न्यायिक सुनवाई का भी हवाला दिया।
मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी कार्रवाई का विरोध किया है। मामले ने बीएमसी की कार्रवाई और अदालत के आदेशों के पालन को लेकर नया विवाद खड़ा कर दिया है।

एक टिप्पणी भेजें