संभागायुक्त को 300 पन्नों की शिकायत, फर्जी डॉक्टरों और अस्पतालों पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप
इंदौर। शहर में कथित अवैध अस्पतालों, फर्जी डॉक्टरों और बिना अनुमति संचालित क्लीनिकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने का मामला संभागायुक्त तक पहुंच गया है। शिकायतकर्ता चर्चित शास्त्री ने कलेक्टर शिवम वर्मा और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी माधव हासानी के विरुद्ध करीब 300 पन्नों की शिकायत सौंपकर गंभीर सवाल उठाए हैं।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पिछले एक वर्ष से जनसुनवाई सहित विभिन्न माध्यमों से कथित फर्जी डॉक्टरों, अवैध अस्पतालों और क्लीनिकों की प्रमाणों के साथ शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका दावा है कि ऐसे संस्थानों में इलाज के दौरान आम लोगों की जान जाने की घटनाओं के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने समय रहते कदम नहीं उठाए।
शिकायत में सीएमएचओ पर कथित अवैध अस्पताल संचालकों को संरक्षण देने और मिलीभगत के आरोप भी लगाए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आना बाकी है।
शिकायतकर्ता ने संभागायुक्त से मांग की है कि यदि भविष्य में कथित फर्जी डॉक्टरों या अवैध अस्पतालों में किसी निर्दोष की मौत होती है, तो कलेक्टर और सीएमएचओ की जवाबदेही तय कर उनके विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई की जाए।
अब सवाल यह है कि शिकायतों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई, संबंधित अस्पतालों की जांच किस स्तर पर हुई और जिम्मेदार अधिकारियों ने क्या जवाब दिया? इन बिंदुओं पर प्रशासन का पक्ष और जांच के निष्कर्ष सामने आना जरूरी है।

Post a Comment