घुटने में दर्द के साथ गर्माहट, छूने पर दर्द और सूजन महसूस हो रही है तो हर बार इसे सामान्य थकान या गठिया समझना सही नहीं है। यह Knee Bursitis यानी घुटने के बर्सा में सूजन भी हो सकती है। बर्सा छोटे, तरल पदार्थ से भरे थैले होते हैं, जो हड्डियों, मांसपेशियों और टेंडन के बीच घर्षण कम करने का काम करते हैं। इनमें सूजन आने पर दर्द और सूजन पैदा हो सकती है।
क्यों होता है Knee Bursitis?
लंबे समय तक घुटनों के बल बैठना या काम करना इसका प्रमुख कारण है। कठोर सतह पर बार-बार घुटने टेकने से बर्सा पर लगातार दबाव पड़ता है। घुटने पर चोट लगना, अत्यधिक व्यायाम या दोहराव वाली गतिविधियां भी इसकी वजह बन सकती हैं। इसके अलावा संक्रमण, गठिया, रूमेटाइड आर्थराइटिस और गाउट जैसी स्थितियां भी बर्साइटिस से जुड़ी हो सकती हैं।
लक्षण कैसे पहचानें?
प्रभावित हिस्से में दर्द, दबाने पर संवेदनशीलता, सूजन और आसपास की त्वचा की तुलना में अधिक गर्माहट महसूस हो सकती है। चलने या घुटना मोड़ने पर परेशानी बढ़ सकती है।
राहत के लिए क्या करें?
घुटने पर दबाव डालने वाली गतिविधियां कुछ समय रोकें, आराम करें और कपड़े में लपेटकर करीब 10–20 मिनट तक आइस पैक लगाएं। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से दर्द की दवा या अन्य उपचार लिया जा सकता है। लगातार समस्या रहने पर फिजियोथेरेपी, बर्सा से तरल निकालने या अन्य उपचार की जरूरत पड़ सकती है।
कब तुरंत डॉक्टर को दिखाएं?
घुटने की सूजन और दर्द के साथ बुखार या ठंड लगना, त्वचा का रंग बदलना, तेज लालिमा या घुटना सीधा करने में परेशानी हो तो संक्रमण की आशंका हो सकती है और चिकित्सकीय जांच जरूरी है।
ध्यान रखें: घुटने में गर्माहट और सूजन सिर्फ बर्साइटिस की वजह से नहीं होती। सही कारण जानने के लिए डॉक्टर की जांच जरूरी है।

Post a Comment