Top News

अगस्त में खुले रिकॉर्ड डीमैट खाते, सात महीने के शीर्ष स्तर पर पहुंचा आंकड़ा

 

शेयर बाजार में खुदरा निवेशकों की दिलचस्पी एक बार फिर तेजी पकड़ती दिखाई दे रही है। अगस्त 2026 में देश में नए डीमैट खातों के खुलने की रफ्तार सात महीने के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई। एनएसडीएल और सीडीएसएल को मिलाकर अगस्त में करीब 32.7 लाख नए डीमैट खाते खुले। इसके साथ कुल डीमैट खातों की संख्या महीने के अंत तक करीब 23.77 करोड़ हो गई। हालांकि, यह संख्या अलग-अलग खातों की है, निवेशकों की नहीं, क्योंकि एक व्यक्ति के पास एक से अधिक डीमैट खाते हो सकते हैं। 



इस तेजी के पीछे सबसे बड़ा कारण आईपीओ बाजार में बढ़ी हलचल माना जा रहा है। अगस्त 2026 में 23 आईपीओ के जरिए करीब 22,448 करोड़ रुपये जुटाए गए। इसके अलावा दो ऑफर फॉर सेल से करीब 31,660 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ। 


दिलचस्प बात यह है कि अगस्त में सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट रही, लेकिन छोटे और मझोले शेयरों में तेजी ने खुदरा निवेशकों का उत्साह बनाए रखा। बीएसई मिडकैप सूचकांक 1.6 प्रतिशत और स्मॉलकैप सूचकांक 2.4 प्रतिशत चढ़ा। 


बाजार में आगे भी नए निवेशकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। खासकर जियो और एनएसई के प्रस्तावित आईपीओ बाजार में आने वाले हैं, जिससे डीमैट खाते खोलने की रफ्तार और बढ़ सकती है। हालांकि विशेषज्ञों की सलाह है कि केवल आईपीओ के आकर्षण में निवेश करने के बजाय कंपनी की वित्तीय स्थिति, मूल्यांकन और जोखिम को समझना जरूरी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post