वॉशिंगटन। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग तीन दिवसीय अमेरिकी यात्रा पर वॉशिंगटन पहुंचे। ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद उनका स्वागत किया। यह प्रोटोकॉल की दृष्टि से असामान्य कदम माना जा रहा है।
अमेरिका पहुंचने के बाद शी ने अपने लिखित संदेश में कहा कि चीन और अमेरिका को प्रतिद्वंद्वी नहीं, साझेदार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि चीन का राष्ट्रीय पुनरुत्थान और अमेरिका को फिर महान बनाने का लक्ष्य एक-दूसरे के साथ आगे बढ़ सकता है।
शी और ट्रंप की बातचीत में व्यापार, टैरिफ, दुर्लभ खनिज, तकनीक, AI और ताइवान जैसे मुद्दे प्रमुख रह सकते हैं। दोनों देशों ने व्यापार युद्ध को लेकर जारी अस्थायी समझौते को आगे बढ़ाने पर भी सहमति जताई है।
शी की यात्रा ऐसे समय हो रही है जब दोनों देशों के बीच प्रतिस्पर्धा और सहयोग दोनों साथ-साथ चल रहे हैं। अब निगाहें ट्रंप-शी वार्ता और इससे निकलने वाले ठोस फैसलों पर हैं।

Post a Comment