इंदौर :सिरपुर में श्रीराम मंदिर के नाम दर्ज बताई जा रही जमीन पर सरकारी शराब दुकान संचालित होने का मामला सामने आया है। उपलब्ध दस्तावेजों के मुताबिक करीब 4,200 वर्गफीट जमीन का किराया 3 लाख रुपए महीना यानी 36 लाख रुपए सालाना है।
यह किराया दिलीप सिंह गौड़ को दिए जाने की जानकारी है, जिन्हें इंदौर विधानसभा-4 की विधायक मालिनी गौड़ का रिश्तेदार बताया गया है। गौड़ का दावा है कि जमीन निजी है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
दूसरी ओर, राजस्व रिकॉर्ड में सर्वे नंबर 394/1 की जमीन श्रीराम मंदिर व्यवस्थापक-कलेक्टर इंदौर के नाम दर्ज बताई गई है।
अब सवाल सीधा है—अगर जमीन मंदिर की है तो शराब दुकान का किरायानामा किस अधिकार से हुआ? और अगर जमीन निजी है तो राजस्व रिकॉर्ड में कलेक्टर का नाम क्यों?
प्रशासन की जांच में इन सवालों का जवाब सामने आना बाकी है।
36 लाख रुपए सालाना किराया, मंदिर की जमीन और विधायक के रिश्तेदार का नाम—सिरपुर का यह मामला अब सिर्फ शराब दुकान का नहीं, राजस्व रिकॉर्ड और प्रशासनिक जवाबदेही का सवाल बन गया है।

Post a Comment