Top News

खराब मौसम ने रोकी कांग्रेस की किसान अधिकार यात्रा

7 सितंबर से शुरू होने वाली यात्रा स्थगित, नई तारीख बाद में घोषित होगी



लखनऊ। उत्तर प्रदेश में किसानों के मुद्दों को लेकर कांग्रेस की प्रस्तावित ‘किसान अधिकार यात्रा’ शुरू होने से ठीक पहले स्थगित कर दी गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 7 सितंबर से शुरू होने वाली इस यात्रा को खराब मौसम के कारण टालने का फैसला कांग्रेस हाईकमान ने लिया है। 


कांग्रेस ने पहले इस यात्रा की शुरुआत मुजफ्फरनगर के मीरापुर से करने की योजना बनाई थी। सात दिन चलने वाली यात्रा का समापन 13 सितंबर को गौतमबुद्धनगर के जेवर में प्रस्तावित था। इस दौरान किसानों, खेत मजदूरों, पशुपालकों और ग्रामीण युवाओं से सीधे संवाद तथा किसान चौपालों के आयोजन की तैयारी थी। 


कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए किसान मुद्दों पर अपना अभियान तेज करने की रणनीति बनाई है। प्रस्तावित यात्रा में फसलों के उचित दाम, न्यूनतम समर्थन मूल्य, गन्ना भुगतान और छुट्टा पशुओं से किसानों को होने वाली परेशानी जैसे मुद्दे उठाए जाने थे। 


पश्चिमी उत्तर प्रदेश कांग्रेस के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। इसलिए यात्रा के स्थगित होने को संगठनात्मक और चुनावी रणनीति के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। हालांकि पार्टी की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यात्रा रद्द नहीं हुई है, बल्कि खराब मौसम के कारण स्थगित की गई है। नई तारीख और संशोधित कार्यक्रम की घोषणा बाद में की जाएगी। 


**यानी किसानों के बीच पहुंच बनाने की कांग्रेस की तैयारी फिलहाल मौसम की मार से थम गई है, लेकिन ‘किसान अधिकार’ का राजनीतिक अभियान जारी रहने के संकेत हैं।**

Post a Comment

Previous Post Next Post