Top News

वायुसेना में बड़ा बदलाव, एयर मार्शल केएए संजीब ने संभाली अहम कमान

 


भारतीय वायुसेना की तकनीकी ताकत और विमानों की तैयारियों से जुड़ी एक अहम जिम्मेदारी अब एयर मार्शल केएए संजीब के हाथों में है। उन्होंने 1 सितंबर 2026 से एयर ऑफिसर-इन-चार्ज मेंटेनेंस का पद संभाल लिया है। यह जिम्मेदारी ऐसे समय मिली है, जब वायुसेना के सामने पुराने बेड़े की उपलब्धता बनाए रखने के साथ नए और अत्याधुनिक विमानों को संचालन में शामिल करने की चुनौती भी है।


 


एयर मार्शल संजीब सितंबर 1988 में वायुसेना की एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग शाखा में शामिल हुए थे। तीन दशक से ज्यादा के करियर में उन्होंने आईएल-76, एडब्ल्यूएसीएस और बोइंग 737-200 जैसे विमानों पर तकनीकी जिम्मेदारियां संभाली हैं। वे देश में पहली आईएल-78 फ्लाइट रिफ्यूलर विमान की शुरुआत से जुड़ी परियोजना टीम का भी हिस्सा रहे और एडब्ल्यूएसीएस बेड़े को वायुसेना में शामिल करने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 


इस पद पर उनकी जिम्मेदारी सिर्फ विमानों की मरम्मत तक सीमित नहीं है। विमान उपलब्धता, तकनीकी सहायता, रखरखाव की योजना और परिचालन क्षमता को बनाए रखना उनके काम का अहम हिस्सा होगा।


उन्होंने एयर मार्शल संजीव घुराटिया की जगह ली है, जो 31 अगस्त को 39 वर्ष की सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए। संजीब को 2015 में विशिष्ट सेवा पदक और 2026 में अति विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया था।

Post a Comment

Previous Post Next Post