1,413 दिन लगातार प्रधानमंत्री पद पर रहने का रिकॉर्ड, बर्लुस्कोनी का रिकॉर्ड पीछे छूटा
नई दिल्ली। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने देश की राजनीति में नया इतिहास रच दिया है। वह द्वितीय विश्व युद्ध के बाद इटली की सबसे लंबे समय तक लगातार पद पर रहने वाली प्रधानमंत्री बन गई हैं। मेलोनी की सरकार ने 1,413 दिन पूरे कर पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी का 1,412 दिनों का लगातार शासन का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
अक्टूबर 2022 में इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में पद संभालने वाली मेलोनी ने ऐसे देश में राजनीतिक स्थिरता कायम की है, जहां सरकारों के बार-बार बदलने का लंबा इतिहास रहा है। उनका यह रिकॉर्ड केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उनकी सरकार के लगातार बने रहने का भी संकेत है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेलोनी को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि इटली की जनता के उनके नेतृत्व पर भरोसे और विश्वास का प्रतिबिंब है। मोदी ने मेलोनी की मित्रता को भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने में महत्वपूर्ण बताया और दोनों देशों के लोगों के समृद्ध भविष्य के लिए साथ मिलकर काम जारी रखने की बात कही।
दिलचस्प यह भी है कि इसी साल जून में मेलोनी ने प्रधानमंत्री मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी थी। अब मोदी ने मेलोनी के रिकॉर्ड पर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। दोनों नेताओं के बीच बढ़ती व्यक्तिगत निकटता के साथ भारत-इटली संबंधों को भी विशेष रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जाया गया है।

Post a Comment