भोपाल। भोपाल के एमपी नगर में डीबी मॉल के सामने रविवार रात एक दर्दनाक हादसे ने सड़क किनारे सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी की स्ट्रीट लाइट के खंभे में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। वे परिवार के साथ खरीदारी के लिए डीबी मॉल पहुंचे थे।
जानकारी के मुताबिक खरीदारी के बाद परिवार सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान दिव्यऋषि ने सड़क किनारे लगे स्ट्रीट लाइट के खंभे को पकड़ लिया। खंभे में पहले से करंट दौड़ रहा था और संपर्क में आते ही उन्हें तेज बिजली का झटका लगा। उनकी पत्नी भी करंट की चपेट में आईं, लेकिन वे किसी तरह खुद को अलग करने में सफल रहीं।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी मदद के लिए दौड़े। ट्रैफिक हेड कांस्टेबल जगदीश दांगी के अनुसार पुलिसकर्मियों ने दिव्यऋषि को मौके पर CPR दिया और अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
प्रारंभिक जानकारी में खंभे से एक तार निकला होने की बात सामने आई है। यह खंभा मेट्रो या PWD से संबंधित बताया जा रहा है, हालांकि इसकी वास्तविक जिम्मेदारी और करंट आने का कारण जांच का विषय है। पुलिस ने मौके पर निकले तार को अलग कराया।
अब सवाल सीधा है—जिस खंभे में करंट दौड़ रहा था, वह आम लोगों की आवाजाही वाले स्थान पर खुला खतरा बनकर कितनी देर से खड़ा था और उसकी जवाबदेही किसकी थी?

Post a Comment